अवैध चरस तस्करी: चंपावत में दो गिरफ्तार
चंपावत: कुमाऊं का चंपावत जिला इन दिनों अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का गढ़ बनता जा रहा है। ताजा मामला थाना पाटी का है जहां पुलिस ने दो चरस तस्करों को गिरफ्तार किया है।
शनिवार शाम, थानाध्यक्ष देवनाथ गोस्वामी के नेतृत्व में एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम देवीधुरा के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गए। तलाशी लेने पर उनके पास से 791.5 ग्राम चरस बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान कुंदन सिंह और दीपक सिंह, दोनों निवासी ग्राम पखौटी, देवीधुरा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इस चरस को हल्द्वानी में ऊंचे दामों पर बेचने जा रहे थे। थानाध्यक्ष देवनाथ गोस्वामी लगातार मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन भांग की खेती पर प्रतिबंध होने के बावजूद यह धड़ल्ले से जारी है। इस कार्रवाई में कॉस्टेबल महेंद्र डंगवाल, कॉस्टेबल मनोज, एएनटीएफ से अशोक वर्मा, हेड कॉस्टेबल गणेश सिंह, हेड कॉस्टेबल बची सिंह और एएनटीएफ के एसआई सोनू सिंह शामिल थे।